सीमांत जनपद चमोली के सकंड गांव निवासी आदित्य कुमार ममगाईं बनें लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के एडिसनल पीएस
केंद्र सरकार के अंडर सेक्रेटरी एसए अंसारी की ओर से जारी आदेश के तहत ममगांई को एपीएस की तैनाती मिली है। मूल रूप से सकंड गांव के निवासी आदित्य कुमार ममगांई 2015 बैच के आईआरएस (कस्टम) अधिकारी है। ममगांई की पहली पोस्टिंग कानपुर में जीएसटी के सहायक आयुक्त के रूप में हुई थी। पहली पोस्टिंग में ही बेहतर काम के चलते उन्हें मुख्य आयुक्त की ओर से सम्मानित किया गया था। इसके बाद उन्होंने राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) मुख्यालय नई दिल्ली में उप निदेशक के रूप में काम किया। डीआरआई में तैनाती के दौरान उन्हें सीमा शुल्क धोखाधड़ी के जटिल मामलों और सोने, मुद्रा तथा बड़ी मात्रा में नारकोटिक दवाओं समेत वर्जित वस्तुओं की जब्ती की जांच में शामिल होने का मौका मिला। दो दर्जन से अधिक तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा था। आईआरएस में चयनित होने से पूर्व वह डीआरडीओ में वैज्ञानिक रहे। देहरादून के डीबीएस कॉलेज से उन्होंने पढ़ाई की। अब लोक सभा स्पीकर ओम बिरला के एपीएस के रूप में उन्हें काम करने का मौका मिला है। सकंड गांव के पशुधन प्रसार अधिकारी रहे गोपेश्वर पालिका के सभासद हरि प्रसाद ममगांई ने आदित्य कुमार ममगाई की तैनाती पर खुशी का इजहार किया है। उनका कहना है कि चचेरे भाई आदित्य की तैनाती से गांव में भी जश्न का माहौल है
