ढुंगल्वाली के प्राचीन चण्डिका मंदिर में शुरू हुई श्रीमद् देवी भागवत कथा ,भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ, 21 सितंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन।
कर्णप्रयाग/चमोली। कर्णप्रयाग विकासखंड के ग्रामसभा ढुंगल्वाली स्थित प्राचीन माँ चण्डिका मंदिर में शनिवार को श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। इसके पश्चात पंचांग पूजन, व्यास पूजन, भद्र पूजन एवं ब्राह्मण पूजन के साथ कथा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
व्यास पीठ पर विराजमान प्रसिद्ध कथावाचक श्री सुरेंद्र प्रसाद कोठियाल (शास्त्री जी) ने देवी भागवत कथा के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रद्धा एवं भक्ति के साथ देवी भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य के कष्ट, पाप एवं भय दूर होते हैं और माँ भगवती की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद सती ने बताया कि 12 सितंबर से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन 21 सितंबर तक चलेगा। आयोजन के दौरान कथा के चतुर्थ दिवस माँ शीतला, माँ नंदा देवी एवं लाटू देवता का भव्य कौथिग आयोजित किया जाएगा। इस दौरान तीनों देवियां अपने धर्म भाई लाटू देवता से मिलेंगी। वहीं कथा के नवम दिवस कन्या पूजन का भी आयोजन किया जाएगा।

मंदिर समिति अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से माँ चण्डिका के इस पावन धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भगवती प्रसाद सती, मनोज कोठियाल, गजेंद्र प्रसाद कोठियाल, मंगला कोठियाल, सम्पूर्णानंद कोठियाल, सुल्तान सिंह नेगी, विजय प्रसाद कोठियाल, हेमंत कोठियाल, चंदन सिंह नेगी, संजय सती, अनिल कोठियाल, तारेन्द्र नेगी, विनय सती, कमल सिंह नेगी, प्रदीप रावत, मुकेश रावत सहित ग्रामसभा की माताएं-बहनें, युवा एवं मंदिर समिति के समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।
