खाकी ने निभाया फर्ज: कांवड़ ड्यूटी के दौरान पुलिस ने दृष्टिबाधित युवक को सकुशल पहुंचाया।
हरिद्वार: कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिस टीम की सतर्कता से एक दृष्टिबाधित युवा को समय पर सहायता मिल सकी। 7 अगस्त की शाम लगभग 9:30 बजे, हनुमान वाटिका ड्यूटी स्थल के समीप PTC नरेंद्रनगर में प्रशिक्षणरत SI(UT) पंकज रावत, SI (UT) ईश्वर सिंह, RC महेश और RC आज़ाद को एक दृष्टिबाधित युवक मिला जो मार्ग भटक गया था।
पूछताछ में युवक की पहचान उत्तरकाशी निवासी गौरव के रूप में हुई, जो वर्तमान में दिल्ली में अध्ययनरत हैं और देहरादून परीक्षा देने जा रहे थे। स्थिति को समझते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया। परिजनों से बातचीत के उपरांत गौरव को चेतन ज्योति आश्रम के सुपुर्द किया गया, जहाँ उनके ठहरने व देखरेख की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इस त्वरित सहयोग पर युवक के परिवार ने राहत व्यक्त करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
